BPSC 70वीं में सफलता, ननिहाल में रहकर की तैयारी

Update: 2026-06-22 12:48 GMT

Bihar: बेगूसराय जिले के Navkothi प्रखंड अंतर्गत छतौना गांव के विशाल कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) 70वीं परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने 1830वीं रैंक प्राप्त कर आपूर्ति निरीक्षक (Supply Inspector) पद पर चयन हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और प्रखंड में खुशी का माहौल है।

विशाल कुमार एक साधारण और मेहनतकश परिवार से आते हैं। उनके पिता माखन महतो मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विशाल ने अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत की और बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी और टेस्ट सीरीज के सहारे यह सफलता हासिल की।

विशाल ने अपनी पढ़ाई का बड़ा हिस्सा अपने ननिहाल Bahji गांव में रहकर पूरी की। उनके नाना रेलवे में फीटर पद पर कार्यरत रहे हैं। चौथे प्रयास में मिली यह सफलता उनके लंबे संघर्ष और निरंतर मेहनत का परिणाम है।

उन्होंने वर्ष 2012 में बीएस हाई स्कूल महथी से मैट्रिक की परीक्षा पास की और इसके बाद एनएन सिंह प्लस टू विद्यालय मंसूरचक से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। तैयारी के दौरान उन्होंने आंसर राइटिंग प्रैक्टिस और टेस्ट सीरीज पर विशेष ध्यान दिया, जिसने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विशाल ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, नाना-नानी और मित्रों को दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है।

उनकी इस सफलता के बाद गांव में जश्न का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कई ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विशाल की सफलता गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Tags:    

Similar News