शादी के सात दिन बाद ससुराल छोड़ गई पत्नी, मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक
सात दिन पहले हुई थी शादी
पटना। बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी पत्नी को वापस बुलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना अचुआरा गांव के समीप की है। युवक की शादी महज सात दिन पहले हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। जानकारी के मुताबिक, आकाश नामक युवक की शादी 20 नवंबर को बाढ़ स्थित उमानाथ धाम मंदिर में बुढनीचक निवासी युवती से हुई थी। परिजनों के अनुसार, युवती की नानी और मौसी ने दोनों की शादी करवाई थी। विवाह के बाद युवती करीब तीन दिनों तक ससुराल में रही।
इसी बीच युवती के मामा मिथुन पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद युवती ससुराल छोड़कर चली गई और वापस आने से इनकार कर दिया। युवक के भाई प्रकाश कुमार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद लड़की पक्ष के लोग युवती को अपने साथ ले गए। उन्होंने युवती के नाबालिग होने का दावा भी किया है। हालांकि, उसकी वास्तविक उम्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आकाश की मां सरस्वती देवी ने बताया कि बेटे के पैर में पहले से फ्रैक्चर है और उसमें रॉड लगी हुई है। उनका आरोप है कि इसी शारीरिक परेशानी के कारण लड़की पक्ष युवती को विदा करने के लिए तैयार नहीं है।
परिजनों के मुताबिक, आकाश दिल्ली में छोले-भटूरे की दुकान चलाता है और उसका परिवार भी दिल्ली में रहता है। उसका पैतृक गांव मेउरा है। पत्नी के वापस नहीं आने से परेशान आकाश ने मोबाइल टावर पर चढ़कर अपनी जान को खतरे में डाल दिया। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर युवक को समझाने का प्रयास किया।
फायर ब्रिगेड के सब ऑफिसर अजय कुमार सिंह के अनुसार, युवक करीब दो घंटे से टावर पर चढ़ा हुआ था। टीम उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रही थी। फिलहाल युवक को सुरक्षित नीचे उतारे जाने की पुष्टि नहीं हुई है। युवती की उम्र, मारपीट के आरोप और पारिवारिक विवाद को लेकर भी विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।