FSDA का बड़ा एक्शन, 9 हॉस्पिटल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित
दवाओं की खरीद-बिक्री में पारदर्शिता को लेकर FSDA सख्त
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने अस्पतालों की फार्मेसियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने तथा निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने पर नौ हॉस्पिटल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। कार्रवाई की जद में जावित्री हॉस्पिटल, टेंडर पाम, शांति राज मेडिकल्स, ग्लोब मेडिकेयर और शेखर हॉस्पिटल समेत कई संस्थानों की फार्मेसियां शामिल हैं।
एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब की ओर से एक अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुपालन में औषधि निरीक्षकों ने अस्पतालों की फार्मेसियों का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान दवाओं के खरीद मूल्य, बिक्री मूल्य और अन्य आवश्यक जानकारियां सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं मिलीं। इसके बाद संबंधित फार्मेसियों को नोटिस जारी कर जवाब और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए। निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद नियमों का अनुपालन नहीं होने पर लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई।
वहीं, मेदांता, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अपोलोमेडिक्स और रीजेंसी हॉस्पिटल की फार्मेसियों ने विभागीय आदेश का पालन करते हुए दवाओं और मेडिकल उपकरणों की मूल्य सूची वेबसाइट तथा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध करा दी है। एफएसडीए के निर्देशों के अनुसार, अस्पतालों की फार्मेसियों को अपनी वेबसाइट पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस नंबर, लाइसेंसधारक का नाम, पता और नियुक्त फार्मासिस्ट की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी। इसके साथ ही दवाओं की मूल्य सूची और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण उपलब्ध कराना भी अनिवार्य है।
फार्मेसी काउंटर पर वेबसाइट का लिंक और क्यूआर कोड प्रदर्शित करना होगा, जिससे मरीज और उनके परिजन दवाओं के खरीद एवं बिक्री मूल्य की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें। प्रदेशभर में एफएसडीए का विशेष निरीक्षण अभियान चार दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। अब तक उत्तर प्रदेश के 68 जिलों में 495 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया जा चुका है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में नियमों का पालन नहीं करने वाली फार्मेसियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 22(1)(डी) के तहत दवाओं की बिक्री पर रोक भी लगाई जा सकती है। विभाग के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य दवाओं की कीमतें निर्धारित करना नहीं, बल्कि अस्पतालों की फार्मेसियों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं की कीमतों की सही जानकारी मिल सके।