नमस्ते योजना के तहत सफाई कर्मकारों एवं कचरा बीनने वाले कर्मकारों का होगा पंजीयन
छग
Bhilai. भिलाई। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार नमस्ते योजना के अंतर्गत नगरीय निकायों में कार्यरत सीवर एवं सैप्टिक टैंक कर्मकारों तथा वेस्ट पिकर्स कचरा बीनने वाले कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस संबंध में कलेक्टर जिला दुर्ग द्वारा आवश्यक आदेश जारी किया गया है। योजना के तहत सभी पात्र कर्मकारों को छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत पंजीकृत कराकर शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जाना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोबाइल नंबरों का श्रम विभागीय डाटाबेस से मिलान करने पर कुल 1532 कर्मकारों में से 730 कर्मकार पूर्व से ही छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत पंजीकृत पाए गए हैं। वहीं शेष 802 कर्मकार वर्तमान में अपंजीकृत हैं।
इन सभी अपंजीकृत कर्मकारों का पंजीयन कराने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। निगम प्रशासन द्वारा नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत समस्त सफाई कर्मकारों एवं कचरा बीनने वाले कर्मकारों से अपील की गई है कि वे शासन की इस योजना का लाभ लेने के लिए अपना पंजीयन अवश्य कराएं। पंजीयन के लिए कर्मकारों को स्वयं एवं परिवार के सदस्यों का आधार कार्ड, बैंक पासबुक, स्वघोषणा प्रमाण पत्र तथा मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन हेतु हितग्राही 30 नवम्बर 2026 से निर्धारित स्थल पर उपस्थित होकर करा सकते है। इच्छुक कर्मकार नगर पालिक निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के सामने बनाए गए पंजीयन काउंटर पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र कर्मकार पंजीयन से वंचित न रहे तथा सभी को शासन द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सके।