खोडरी में अवैध मुरुम खुदाई का आरोप, डेढ़ करोड़ के वाहन छोड़ने पर उठे सवाल
छग
Gaurela-Pendra-Marwahi. गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मरवाही वनमंडल के अंतर्गत खोडरी रेंज में कथित अवैध मुरुम खुदाई और वनभूमि को नुकसान पहुंचाने के मामले में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि ग्राम खोडरी में अवैध मुरुम खुदाई, पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाने और सीमांकन के मुनारों को तोड़ने के मामले में जब्त किए गए करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के तीन वाहनों को बिना किसी ठोस दंडात्मक कार्रवाई के सामान्य सुपुर्दगी पर छोड़ दिया गया। विभाग के इस निर्णय से स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खोडरी क्षेत्र में बिलासपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य जारी है।
निर्माण कार्य के कुछ हिस्सों की जिम्मेदारी श्याम इंफ्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी के पास है। आरोप है कि कंपनी द्वारा सड़क किनारे करीब एक से डेढ़ एकड़ क्षेत्र में वन विभाग की अनुमति के बिना मुरुम की खुदाई की गई। खुदाई के दौरान संबंधित क्षेत्र में लगे करीब 50 से 60 छोटे पेड़-पौधों को उखाड़ने और वन विभाग की सीमा निर्धारित करने वाले मुनारों को क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप है। भारी मशीन के माध्यम से बड़ी मात्रा में मुरुम निकाली गई है। घटनास्थल पर खुदाई के बाद बने गड्ढे और मशीनों के निशान दिखाई देने की बात कही जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद खोडरी रेंज के वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कार्य में लगे दो हाईवा और एक माउंटेन चैन मशीन को जब्त किया था। तीनों वाहनों को रेंज कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
हालांकि, कुछ समय बाद ही तीनों वाहनों को सामान्य सुपुर्दगी पर छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कंपनी से कथित सांठगांठ के चलते विभाग ने बिना किसी ठोस दंडात्मक कार्रवाई के वाहनों को छोड़ दिया। हालांकि, ग्रामीणों के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में खोडरी रेंजर दीपक पटेल से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कैमरे के सामने बयान देने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि जिस भूमि पर खुदाई की गई है, वह राजस्व भूमि है या वनभूमि, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। इसी कारण तीनों वाहनों को सामान्य सुपुर्दगी के तहत छोड़ा गया है। रेंजर की इस दलील के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठ रहे हैं।
संबंधित जमीन खोडरी रेंज कार्यालय से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर बताई जा रही है। ऐसे में कार्यालय के इतने नजदीक स्थित जमीन की वास्तविक स्थिति को लेकर विभाग के पास स्पष्ट जानकारी नहीं होने पर ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जमीन के स्वामित्व को लेकर संशय था, तो वन विभाग ने किस आधार पर तीनों वाहनों को जब्त किया था। वहीं, जमीन का सीमांकन और वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने से पहले वाहनों को छोड़ने के निर्णय पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, अवैध रेत परिवहन के मामलों में पकड़े गए ट्रैक्टरों को जांच और कार्रवाई का हवाला देकर कई बार महीनों तक नहीं छोड़ा जाता है। ऐसे में कथित अवैध मुरुम खुदाई में इस्तेमाल किए गए महंगे वाहनों को इतनी जल्दी छोड़ना विभाग की कार्यशैली को लेकर संदेह पैदा करता है। फिलहाल संबंधित भूमि का सीमांकन, खुदाई की अनुमति, पेड़-पौधों को हुए कथित नुकसान और वाहनों को सुपुर्दगी पर छोड़ने से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि मरवाही वनमंडल के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।