NMDC भर्ती को लेकर युवाओं का बड़ा आंदोलन कल, रात से पुलिस की तैयारी तेज
छग
Dantewada. दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एनएमडीसी (NMDC) की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्थानीय बेरोजगार युवाओं का आंदोलन अब बड़े प्रदर्शन का रूप लेने जा रहा है। शनिवार, 28 नवंबर को दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के बेरोजगार युवा किरंदुल और बचेली स्थित एनएमडीसी की परियोजनाओं के सामने प्रदर्शन करेंगे। आंदोलन के मद्देनजर शुक्रवार रात से ही पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलाके में दुकानें भी बंद कराई गई हैं। स्थानीय बेरोजगार युवाओं ने एनएमडीसी की दोनों परियोजनाओं का काम बंद कराने की तैयारी की है।
आंदोलन में तीनों जिलों से सैकड़ों युवाओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार अभियान चलाकर स्थानीय युवाओं से प्रदर्शन में शामिल होने और आंदोलन को समर्थन देने की अपील की जा रही है। युवाओं की प्रमुख मांग एनएमडीसी की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की है। भर्ती प्रक्रिया को लेकर पिछले कुछ समय से स्थानीय बेरोजगार युवा लामबंद हो रहे हैं। अब अपनी मांगों को लेकर उन्होंने व्यापक स्तर पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। आंदोलन को समर्थन दिलाने के लिए बेरोजगार युवा संगठनों ने कांग्रेस, भाजपा, आदिवासी समाज सहित अन्य राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग मांगा है।
युवाओं के प्रदर्शन के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। किरंदुल और बचेली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। शुक्रवार रात से ही पुलिस की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए सैकड़ों जवानों की तैनाती की गई है। दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खूटे ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई है। यदि युवा शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना चाहते हैं, तो उन्हें प्रदर्शन करने दिया जाएगा। हालांकि, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सड़क जाम करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा लोगों को उकसाने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एएसपी ने बताया कि प्रदर्शन की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पुलिस अपने गोपनीय सूचना तंत्र के माध्यम से भी लगातार जानकारी जुटा रही है। शांति भंग करने अथवा कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, आंदोलन के ऐलान के बाद एनएमडीसी प्रबंधन ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। संभावित व्यवधान को देखते हुए परियोजनाओं के भीतर राशन सामग्री, पेट्रोल और डीजल का स्टॉक किया जा रहा है, ताकि आवश्यक कार्य प्रभावित न हों। परियोजना परिसर के प्रवेश मार्गों पर बड़े गेट भी लगाए गए हैं। हालांकि, एनएमडीसी के अधिकारी ने इन तैयारियों को नियमित कार्य का हिस्सा बताया है।
इधर, स्थानीय बेरोजगार युवा संगठनों का कहना है कि प्रशासनिक तैयारियों अथवा किसी भी प्रकार के दबाव के चलते उनका आंदोलन पीछे नहीं हटेगा। युवाओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक प्रदर्शन और धरना जारी रहेगा। आंदोलन से जुड़े युवाओं का दावा है कि शनिवार को दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा से बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा किरंदुल और बचेली पहुंचेंगे। एक ओर युवा भर्ती प्रक्रिया को लेकर अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों में जुटा हुआ है। एनएमडीसी की दोनों परियोजनाओं के सामने प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर प्रशासन सतर्क है। शुक्रवार रात से सुरक्षा संबंधी तैयारियां तेज होने के बीच अब सभी की निगाहें 28 नवंबर को होने वाले आंदोलन और भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रबंधन के आगामी निर्णय पर टिकी हुई हैं।