Balodabazar. बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य विभाग की टीम ने सिमगा विकासखंड की दो राइस मिलों में दबिश देकर करीब 6.83 करोड़ रुपये मूल्य के 28,871 क्विंटल धान की कमी पकड़ी है। मामले में दोनों राइस मिल संचालकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित संबंधित नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम लगातार कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों की जांच कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को सिमगा विकासखंड के ग्राम मोहरा स्थित श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज और सलूजा इंडस्ट्रीज में छापेमार कार्रवाई की गई। जांच के दौरान दोनों राइस मिलों के दस्तावेजों और वास्तविक भंडारण में बड़ा अंतर पाया गया।
जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा ने बताया कि श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज में भौतिक सत्यापन के दौरान 19,351.80 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसकी कीमत 4 करोड़ 58 लाख 44 हजार 414 रुपये आंकी गई है। वहीं, सलूजा इंडस्ट्रीज में 9,519.44 क्विंटल धान कम पाया गया, जिसकी कीमत 2 करोड़ 25 लाख 51 हजार 553 रुपये है। जांच में सामने आया कि श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में 14,324.59 क्विंटल चावल जमा करना शेष है। इसके बावजूद मिल के गोदाम और परिसर में भौतिक रूप से केवल 190.50 क्विंटल चावल और 1,541.60 क्विंटल धान उपलब्ध पाया गया। निर्धारित मात्रा के मुकाबले धान और चावल के भंडारण में भारी कमी सामने आने पर विभाग ने कार्रवाई की। इसी प्रकार सलूजा इंडस्ट्रीज के भौतिक सत्यापन में केवल 3.60 क्विंटल धान और 12 क्विंटल चावल उपलब्ध पाया गया। जबकि संबंधित राइस मिल को नागरिक आपूर्ति निगम एवं भारतीय खाद्य निगम में 6,459.77 क्विंटल चावल जमा करना बाकी है। दोनों मिलों में पाई गई धान की कमी को लेकर संचालकों से दस्तावेजी साक्ष्य मांगे गए।
श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज के संचालक राहुल अग्रवाल और सलूजा इंडस्ट्रीज के संचालक दारा सिंह सलूजा धान की कमी के संबंध में कोई दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। खाद्य विभाग के अनुसार, दोनों मिल संचालकों को कई बार निर्धारित चावल जमा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद उनके द्वारा चावल जमा नहीं किया जा रहा था। इस मामले में दोनों राइस मिल संचालकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के उपबंध 4(3), 6(1), 6(3) एवं 12 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी, कस्टम मिलिंग और भंडारण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर के निर्देश पर जिले में कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों की जांच का अभियान जारी है। इसके तहत राइस मिलों में उपलब्ध धान और चावल का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान की कमी सहित अन्य अनियमितताएं सामने आने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से धान के भंडारण और कस्टम मिलिंग में नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की सख्ती सामने आई है। छापेमार कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी लक्ष्मण कश्यप, खाद्य निरीक्षक कमल नारायण साहू और शीतलेश यादव शामिल रहे। जिले में खाद्य विभाग की जांच आगे भी जारी रहेगी।
Tags: