वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में एक भांजे पर अपने ही मामा के घर में साथियों के साथ चोरी करने का आरोप है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी भांजे सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर सोनपुर स्थित एक कबाड़ी दुकान से 10.879 किलोग्राम चांदी और 9.340 ग्राम सोना बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी पहले से न्यायिक हिरासत में है।
सदर एसडीपीओ-01 सुबोध कुमार ने बताया कि हाजीपुर औद्योगिक थाना क्षेत्र के छोटी मड़ई स्थित धनौती निवासी संतोष पोद्दार ने चोरी के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनके परिवार के सभी सदस्य एक विवाह समारोह में शामिल होने दलसिंह सराय गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान का ताला काटकर घर में रखे करीब 30 किलोग्राम चांदी और 40 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए थे। शिकायत के आधार पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने कांड संख्या 202/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता संतोष पोद्दार ने अपने भांजे रोहित कुमार पर चोरी में शामिल होने का संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने रोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रोहित ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
रोहित से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके सहयोगी पवन कुमार उर्फ घोंघा को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटी मड़ई धनौती निवासी अनिल पोद्दार के पुत्र रोहित कुमार और नगर थाना क्षेत्र के अनवरपुर मोहल्ला निवासी चंद्रेश्वर राय के पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई है।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सोनपुर स्थित रोहित की कबाड़ी दुकान में छापेमारी की। यहां से भारी मात्रा में चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए प्लास सहित अन्य सामान भी जब्त किया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। चोरी हुए शेष आभूषणों का पता लगाने और तीसरे आरोपी की भूमिका की जांच भी जारी है। पुलिस की कार्रवाई से लाखों रुपये के आभूषणों की चोरी के मामले का खुलासा हुआ है।
Tags: