बिहार

ChatGPT से तैयारी कर BPSC पास, श्रेया बनी अधिकारी

Saba Naaz
22 Jun 2026 5:28 PM IST
ChatGPT से तैयारी कर BPSC पास, श्रेया बनी अधिकारी
x

पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के फाइनल रिजल्ट में पटना की श्रेया सात्विका ने 291वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है। इस परीक्षा में कुल 2009 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। श्रेया का चयन एसडीए (SDM) पद के लिए हुआ है। खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के घर पर रहकर पढ़ाई करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।

श्रेया सात्विका मूल रूप से पटना की रहने वाली हैं और एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके माता-पिता दोनों सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई पटना के सेंट कैरेन्स सेकेंडरी स्कूल से पूरी की और इसके बाद बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया।

ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की और यूपीएससी की दो बार परीक्षा भी दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार तैयारी जारी रखी।

श्रेया का कहना है कि उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। उन्होंने यूट्यूब और ChatGPT जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद से पढ़ाई की। उनका कोई तय रूटीन नहीं था, बल्कि समय मिलने पर वे लगातार पढ़ाई करती थीं।

BPSC 70वीं परीक्षा में यह उनका पहला प्रयास था और पहले ही प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल कर ली। श्रेया ने बताया कि परिवार और दोस्तों के समर्थन ने उनकी तैयारी में अहम भूमिका निभाई।

उनकी यह सफलता उन छात्रों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों में भी सिविल सेवा की तैयारी कर रहे हैं।

Next Story