Patna पटना: पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इसके बाद पटना सिविल कोर्ट के तीनों गेट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. धमकी भरे मेल की जानकारी मिलते ही पटना पुलिस और सुरक्षा एजेंसी सतर्क हो गई है. वहां से आने-जाने वाले हर व्यक्ति के सामान की तलाशी ली जा रही है. पार्किंग में खड़े वाहनों की भी जांच की जा रही है. फिलहाल जांच जारी है. टाउन डीएसपी-2 दीक्षा और पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है. शुक्रवार को 11 बजे जिला जज को एक संदिग्ध मेल मिला. मेल में सिविल कोर्ट को ढाई बजे बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इसके बाद पुलिस ने सिविल कोर्ट की सुरक्षा कड़ी कर दी है|
धमकी मिलने के बाद पटना सिविल कोर्ट को बंद कर दिया गया है. साथ ही कोर्ट के आसपास की सभी दुकानों को भी बंद कराया जा रहा है. बाहर से प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. अंदर से लोगों को बाहर निकाला जा रहा है. जज की गाड़ियां भी एक-एक कर निकल रही हैं. इससे पहले 5 जनवरी 2024 को पटना हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। कोर्ट को यह धमकी उस वक्त मिली जब कोर्ट पूरी तरह से जजों और वकीलों से भरा हुआ था। मौके पर पहुंची टाउन डीएसपी दीक्षा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ई-मेल से धमकी मिलने के बाद पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। वहीं सिविल कोर्ट के एक अधिवक्ता ने बताया कि पिछले एक घंटे से यहां हंगामा बढ़ गया है।