सीवान: यूपी से लाई जा रही खेप पकड़ी गई

Update: 2026-06-28 08:57 GMT

बिहार: सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र में रविवार को अवैध पशु मांस के परिवहन का मामला सामने आया है। मझौली चौक के पास स्थानीय लोगों ने 55 किलो पशु मांस के साथ दो युवकों को पकड़ लिया। दोनों युवक बाइक पर बोरी में मांस लेकर जा रहे थे। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने दोनों युवकों की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, मझौली चौक पर लोगों को दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर उनके पास मौजूद बोरियों में मांस पाया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने गिरफ्तार युवकों की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव निवासी गुड्डू अली और कौशर अली के रूप में की है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे सोहनपुर से मांस लेकर सीवान की ओर आ रहे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही मैरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने पशु चिकित्सा विभाग को सूचित किया, जिसके बाद प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बरामद मांस का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध रूप से पशु मांस के परिवहन और बिक्री से जुड़ा मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद मांस की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।

Tags:    

Similar News