छोटी उम्र में बड़ी कमाई, पिता को दिया तोहफा

Update: 2026-07-03 11:21 GMT

Bihar: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव इन दिनों एक खास वजह से सुर्खियों में हैं। दरअसल, उनके 11 वर्षीय बेटे ऋषभ यादव ने अपनी कमाई से एक नई बुलेट बाइक खरीदी और उसे अपने पिता को गिफ्ट कर दिया। इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं और जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

वायरल वीडियो में खेसारी लाल यादव अपने बेटे ऋषभ के साथ नई बुलेट के पास खड़े नजर आते हैं। इस दौरान खेसारी बताते हैं कि यह बाइक उनके बेटे ने अपनी कमाई से खरीदी है और उन्हें गिफ्ट की है ताकि वह इसे चला सकें। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उनके बेटे ने उन्हें बुलेट गिफ्ट की है, जो उनके लिए गर्व की बात है। खेसारी ने फैंस से भी अपील की कि वे उनके बेटे को और प्यार दें ताकि वह आगे चलकर और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सके।

ऋषभ यादव कम उम्र में ही सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हो चुके हैं। वह व्लॉगिंग करते हैं और उनके वीडियो को लाखों लोग देखते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है, जिससे उन्हें कमाई भी होती है। उनके वीडियो में कई बार खेसारी लाल यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी नजर आते हैं, जिससे दर्शकों का जुड़ाव और बढ़ जाता है।

सोशल मीडिया के अलावा ऋषभ ने फिल्मी दुनिया में भी कदम रखा है। उन्होंने भोजपुरी फिल्म ‘रंग दे बसंती’ से अभिनय की शुरुआत की थी, जिसमें उनके पिता खेसारी लाल यादव मुख्य भूमिका में थे। खास बात यह है कि उन्हें फिल्म में मौका निर्देशक प्रेमांशु सिंह ने दिया था, जिन्होंने पहले खेसारी को भी उनकी डेब्यू फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ से लॉन्च किया था।

महज 11 साल की उम्र में ऋषभ यादव सोशल मीडिया और फिल्मों दोनों में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। अपनी कमाई से पिता को बुलेट गिफ्ट करने के बाद वह एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गए हैं। उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है और वीडियो लगातार वायरल हो रहा है।

Tags:    

Similar News