
Bihar: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ई-रिक्शा पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक और नौ महीने की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सोनहन थाना क्षेत्र के मिरिया खुर्द गांव निवासी 29 वर्षीय पिंकू कुमार सिंह भभुआ रोड रेलवे स्टेशन से सवारियों को लेकर भिट्टी गांव जा रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा गांव के पास पहुंचा, वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद वाहन में सवार सभी लोग पानी में डूबने लगे और मदद के लिए चीख-पुकार मच गई।
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने सभी यात्रियों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन चालक पिंकू कुमार सिंह और नौ महीने की बच्ची सना खातून की हालत गंभीर थी। दोनों को तुरंत मोहनिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाकी चार घायलों का इलाज जारी है।
बताया गया कि मृत बच्ची सना खातून अपनी मां के साथ कोलकाता से हाल ही में भिट्टी गांव अपने ननिहाल आई थी। वह अपनी नानी, मामा और अन्य परिजनों के साथ ई-रिक्शा में सवार थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजन बच्ची का शव लेकर गांव लौट गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और सड़क किनारे खुले गड्ढों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर गड्ढे सुरक्षित ढंग से ढके या चिन्हित होते, तो यह बड़ा हादसा टल सकता था।





