खगड़िया: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के अवसर पर पटना के नदवां में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता के बीच खगड़िया की प्रसिद्ध घोड़ी 'राजधानी एक्सप्रेस' सुर्खियों में है। पैर में चोट के कारण यह घोड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकी, लेकिन सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता बरकरार है।
परबत्ता प्रखंड के माधवपुर निवासी कटिमन सिंह की 16 वर्षीय घोड़ी राजधानी एक्सप्रेस को स्थानीय लोग 'खगड़िया का चेतक' भी कहते हैं। वर्ष 2023 में नदवां की घुड़दौड़ जीतकर इसने 51 हजार रुपये का पुरस्कार हासिल किया था। कटिमन सिंह के परिवार में करीब 55 वर्षों से घोड़े पालने की परंपरा चली आ रही है। वर्तमान में उनके पुत्र बाबू साहब कुमार घोड़ी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। घोड़ी के खानपान में दूध, घी और सूखे मेवे शामिल हैं। इसकी देखभाल के लिए दो कर्मचारी भी नियुक्त हैं।
सामान्य दिनों में घोड़ी के खानपान पर 500 से 600 रुपये, जबकि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन 1000 से 1500 रुपये तक खर्च होते हैं। वर्ष 2017 से राजधानी एक्सप्रेस बिहार और झारखंड की विभिन्न प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज करती रही है। चोट से उबरने के बाद जनवरी में बांका के सहोरा में आयोजित घुड़दौड़ में इसके शामिल होने की तैयारी है। अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में 25 नवंबर को आयोजित घुड़दौड़ में बिहार समेत विभिन्न राज्यों और नेपाल से भी प्रतिभागी पहुंचे थे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले घुड़सवार के लिए महिंद्रा थार रखी गई थी। दूसरे और तीसरे स्थान के लिए बाइक और स्कूटी पुरस्कार के रूप में निर्धारित थीं।
प्रतियोगिता देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे थे। मैदान में भीड़ बढ़ने के कारण घोड़ों को दौड़ाने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचा। सुरक्षा कारणों से आयोजकों ने फाइनल मुकाबले को 26 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दिया था। अगले दिन भी फाइनल मुकाबला आयोजित नहीं हो सका। शादी समारोह संपन्न होने के बाद अधिकांश घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ वापस लौट गए। ऐसे में प्रतियोगिता का आधिकारिक परिणाम घोषित नहीं किया गया। सोशल मीडिया पर विभिन्न घोड़ों के विजेता बनने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन आयोजकों ने किसी भी प्रतिभागी को आधिकारिक विजेता घोषित नहीं किया है।
Tags: