फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार सर्द पछुआ हवा की रफ्तार में हुई कमी और धूप निकलने से रविवार को ठंड से कुछ राहत मिली। मौसम में हुए बदलाव से राज्य के न्यूनतम व अधिकतम पारा में कुछ इजाफा हुआ। रविवार को पूर्णिया, पश्चिम चंपारण, दरभंगा में कोल्ड डे रहा जबकि राज्य के उत्तर पश्चिमी, उत्तर मध्य और उत्तर पूर्व के जिलों के अलग-अलग स्थानों में भी शीत दिवस जैसी ही स्थिति रही। पूर्वानुमान में कहा गया है कि 2 फरवरी तक सूबे में मौसम शुष्क रहेगा।

न्यूनतम पारा में बढ़ोतरी होगी
न्यूनतम पारा में बढ़ोतरी होगी और हवा की रफ्तार में कमी होने की संभावना है। एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने 3 फरवरी को पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, बक्सर, आरा, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, सीवान व गोपालगंज के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश, मेघ गर्जन और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
सबौर, मोतिहारी और बेगूसराय सबसे रहा सर्द
रविवार को सूबे में सबौर, मोतिहारी और बेगूसराय की रात सबसे सर्द रही। इन तीनों शहरों का न्यूनतम पारा 7 डिग्री दर्ज किया गया। पटना का न्यूनतम पारा एक डिग्री बढ़कर 8 डिग्री दर्ज किया गया। अररिया का पारा 7.1 डिग्री रहा। सर्द हवा की रफ्तार कम रहने से रविवार को किसी भी जिले का न्यनूतम पारा 7 से नीचे नहीं रहा।
रविवार को जमुई का न्यूनतम पारा सबसे अधिक 11.6 डिग्री रहा जबकि पश्चिमी चंपारण और मुजफ्फरपुर का न्यूनतम पारा 10.1 डिग्री रहा। राज्य के 10 जिलों का न्यूनतम पारा 7 से 8 के बीच रहा। इनमें पटना का 8, गया का 7.2, सबौर, बेगूसराय और मोतिहारी का 7, अररिया का 7.1, पूसा का 7.5, नालंदा का 7.8, नवादा और बांका का 7.6 डिग्री रहा। वहीं सबसे कम अधिकतम पारा पश्चिम चंपारण में, पटना का अधिकतम पारा 22.2 रहा।
Tags: