मुंगेर: जमालपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल ने 1 जुलाई से स्टेशन पर संचालित दो रिजर्वेशन काउंटरों में से एक को स्थायी रूप से बंद कर दिया है। अब पूरे स्टेशन पर केवल एक ही आरक्षण काउंटर से टिकट मिलेंगे, जिससे यात्रियों की भीड़ और लंबी कतारें बढ़ने की आशंका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले दो काउंटर होने से भीड़ का दबाव बंट जाता था और यात्रियों को सुविधा मिलती थी। लेकिन अब एक ही काउंटर होने से सभी यात्रियों को लंबी लाइन में खड़ा होना पड़ेगा, जिससे समय की बर्बादी और ट्रेन छूटने की समस्या भी बढ़ सकती है।
तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान स्थिति और गंभीर होने की संभावना जताई जा रही है। रोजाना सुबह 10 बजे एसी और 11 बजे स्लीपर क्लास की तत्काल बुकिंग शुरू होती है, जो कुछ ही मिनटों में फुल हो जाती है। ऐसे में एक ही काउंटर पर दबाव बढ़ने से धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी की स्थिति बन सकती है।
यात्रियों और सामाजिक संगठनों ने इस फैसले का विरोध किया है। उनका कहना है कि ग्रामीण और बुजुर्ग यात्री अभी भी काउंटर से टिकट लेना पसंद करते हैं, ऐसे में काउंटर बंद करना जनहित के खिलाफ है। लोगों ने मांग की है कि बंद किए गए काउंटर को फिर से शुरू किया जाए, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी गई है।