
Bihar: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के मदपट्टना क्षेत्र में एक पत्थर की खदान में बड़ा हादसा हुआ, जिसमें सात मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद आशंका जताई जा रही है कि कुछ मजदूर अभी भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बताया गया कि घटना के समय करीब 20 मजदूर खदान में काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, हादसे से एक दिन पहले खदान में ब्लास्टिंग की गई थी। अगले दिन सुबह मजदूर करीब 40 फीट नीचे खुदाई और ड्रिलिंग का काम कर रहे थे, तभी ऊपर से एक विशाल चट्टान अचानक टूटकर गिर गई। चश्मदीदों के मुताबिक, मजदूरों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और कुछ ही पलों में बड़ा मलबा उन पर गिर पड़ा। कई मजदूर भागने में सफल रहे, लेकिन कई उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में मशीनें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
मृतकों में सभी मजदूर बिहार के प्रवासी बताए जा रहे हैं, हालांकि आधिकारिक पहचान अभी जारी नहीं हुई है। पांच गंभीर घायलों को आरआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी हादसे पर दुख जताते हुए जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है।





