Bihar बिहार : बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-922 पर शुक्रवार को चंदा गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय ट्रक चालक मोहित कुमार की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का निवासी था और उसकी शादी अगले महीने तय थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहित कुमार लोहे की सरिया लादकर पटना से हिमाचल प्रदेश के बद्दी की ओर जा रहा था। चंदा गांव के पास सामने चल रहे बालू से लदे ट्रेलर में ट्रक ने पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। आशंका है कि मोहित को चलाते समय झपकी लग गई थी, जिसके चलते ट्रक बेकाबू होकर ट्रेलर में जा घुसा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि लोहे की सरिया ट्रक के केबिन में घुस गई और मोहित बुरी तरह उसमें फंस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस, एनएचआई की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मोहित का शव केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी की सहायता ली गई। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया।