Bihar बिहार: गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाने के खजूरी तिवारी टोला गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके नए बने घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया।मृतक की पहचान सूरज बिन के 20 साल के बेटे आलोक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आलोक मंगलवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद अपने पुराने घर से करीब 100 मीटर दूर अपने नए घर में सोने चला गया था। बुधवार सुबह जब वह काफी देर तक वापस नहीं आया, तो उसके घरवाले उसे ढूंढने नए घर गए। वहां एक कमरे में पंखे से उसका शव लटका देखकर वे चौंक गए।
स्थानीय लोगों की मदद से कुचायकोट थाने को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और कमरे से सबूत इकट्ठा किए। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में गांव वाले मौके पर पहुंचे और दुखी परिवार वालों को ढांढस बंधाया।
परिवार वालों ने इस घटना को संदिग्ध बताया है और हत्या की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता सूरज बिन दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं। आलोक चार बच्चों में सबसे बड़ा था। उससे छोटा उसका एक भाई और दो बहनें हैं। SHO ने बताया कि मृतक के इंटरनेट मीडिया अकाउंट्स और दूसरे सबूतों की पूरी जांच की जा रही है। पहली नजर में मामला सुसाइड का लग रहा है, हालांकि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूरी जांच के बाद ही साफ पता चलेगा।