Bihar Weather : बिहार में भी गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मार्च के आखिरी हफ्ते में कई जिलों में तापमान बढ़ा था और अब मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 अप्रैल से गर्मी और तेज हो सकती है। अगले 3-4 दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, खासकर उत्तर-पूर्वी बिहार में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले हफ्ते में कुछ जिलों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। हालांकि अभी तक कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। प्री-मानसून बारिश सामान्य से कम रहेगी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल में प्री-मानसून बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है। साथ ही रात के तापमान में भी सामान्य से अधिक बढ़ोतरी हो सकती है। आईएमडी पटना के पूर्वानुमान के अनुसार एक अप्रैल से अगले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, ऐसे में गर्मी और बढ़ेगी, लेकिन मौसम विभाग की ओर से अभी कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।