आरा: भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव गांव में बुधवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान अमीत कुमार राय की 40 वर्षीय पत्नी सीमा देवी के रूप में हुई है। उनके पेट में गोली लगी और मौके पर ही मौत हो गई।
सीमा देवी पति के साथ दिल्ली में रहती थीं। उनके पति निजी कंपनी में काम करते हैं। करीब पांच दिन पहले वह बच्चों के साथ गांव आई थीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान उन्हें गोली मार दी गई।
हत्या का आरोप उनके जेठ सुमंत राय पर लगाया जा रहा है। वह घटना के बाद से फरार बताया गया है। सूचना पर सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार और गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस पारिवारिक और संपत्ति विवाद के पहलू पर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
Tags: