Bihar Train Accident: हमसफर एक्सप्रेस की चपेट में आई भैंस, मची अफरा-तफरी
Bihar Train Accident: बिहार के बगहा में एक बड़ा रेल हादसा उस समय टल गया, जब कटिहार से दिल्ली जाने वाली चम्पारण हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन (15705) वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व जंगल क्षेत्र में एक भैंस से टकरा गईं. यह घटना वाल्मीकिनगर रोड स्टेशन और पनियहवा स्टेशन के बीच मदनपुर रेलवे ढाला के समीप हुई, जहां अचानक रेलवे ट्रैक पर भैंस आ गईं. ट्रेन की रफ्तार तेज थी, लेकिन चालक की सूझबूझ से समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाए गए, जिससे ट्रेन डिरेल होने से बाल-बाल बच गई. गुरुवार की देर संध्या भैंसों की झुंड से एक भैंस भटककर रेल ट्रेक पर पहुंच गईं, तभी अचानक गुजर रहीं ट्रेन से दब गईं|
जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ट्रेन में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई. घटना के बाद कुछ समय के लिए इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा. सुरक्षा कारणों से रेलवे कर्मचारियों ने ट्रैक का निरीक्षण किया और स्थिति सामान्य होने के बाद ही ट्रेनों को आगे के लिए रवाना किया गया|