Bihar बिहार: बिहार के छपरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बदमाशों ने एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मामला जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के बिसाही गांव का है। घटना रविवार सुबह 9:30 बजे की है। मृतक की पहचान दरियापुर थाना क्षेत्र के इसाही गांव निवासी स्वर्गीय विक्रमा राय के पुत्र संतोष राय (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब शिक्षक कार से अपने घर आ रहे थे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, ड्राइवर को भी गोली लग गई। इसके बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान संतोष राय की मौत हो गई, जबकि उनके ड्राइवर का इलाज चल रहा है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है। घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।