Bihar बिहार: शिवहर-सीतामढ़ी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 227 पर रसीदपुर गांव के समीप सोमवार की देर रात स्कॉर्पियो और ई-रिक्शा में आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर भेज दिया है।
घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। मृतका की पहचान पिपराही थाना क्षेत्र के मीनापुर बलहा गांव निवासी खैरातू शाह की 45 वर्षीय पत्नी फूलन खातून के रूप में की गई है। घटना में ई-रिक्शा चालक मो. साबिर शाह, शहनाज बेगम, सैयद ओवैस और मंसूर शाह आलम गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिसमें सैयद ओवैस की हालत गंभीर बनी हुई है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक डीएसपी भाई भरत, ट्रैफिक पुलिस और सदर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी लोग सरोजा सीताराम सदर अस्पताल से इलाज कराकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रसीदपुर गांव के समीप सीतामढ़ी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।