Bihar News: सीतामढ़ी जिले के सुप्पी प्रखंड के एक सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया. जहां प्राथमिक विद्यालय खरहिया टोल मनियारी की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया. इस हादसे में छह बच्चे घायल हो गए. घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है. हादसे के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया और घबराए शिक्षक और छात्र इधर-उधर भागने लगे. घटना के तुरंत बाद शिक्षकों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हालांकि यह घटना स्कूल की जर्जर स्थिति और प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है. बच्चों की सुरक्षा, स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल की मरम्मत के लिए क्या कदम उठाए गए, इस पर सवाल उठ रहे हैं|
इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हाल ही में स्कूल भवन की मरम्मत का काम हुआ था, इसके बावजूद छत का प्लास्टर गिर गया. इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. अधिकारियों ने कहा है कि इस लापरवाही के लिए ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।