Bihar News:बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक कार चालक की हत्या कर दी गई है। मृतक के शरीर पर चाकू के कई निशान मिले हैं। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक पेड़ से टकराई कार मिली। कार से 30 वर्षीय संजीव सहनी का शव बरामद किया गया। संजीव शिवहर जिले का रहने वाला था और रामू बाबू सिंह का ड्राइवर था। पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। मृतक के शरीर पर चाकू के कई निशान मिले हैं। कार का आगे का शीशा टूटा हुआ है और बंपर आंशिक रूप से टूटा हुआ है। पुलिस का मानना है कि शीशे को ईंट या किसी भारी वस्तु से तोड़ा गया है।
सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच से ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की पहले हत्या की गई और फिर शव को कार में रखकर इसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।