Bihar News: हाजीपुर के सोनपुर में एक बार फिर नवजात का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। हरिहरनाथ ओपी क्षेत्र अंतर्गत हाजीपुर–सोनपुर को जोड़ने वाले पुल के नीचे गंगा नदी से पुलिस ने नवजात का शव बरामद किया है। सोमवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों ने नदी में शव देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना डायल 112 को दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात के शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है।