Bihar News: सीवान पुलिस ने अवैध हथियार रखने और डकैती करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर गोरेयाकोठी थाना पुलिस ने तकनीकी शाखा के सहयोग से गुरुवार की शाम सरेया गांव के दुर्गा मंदिर के पीछे बगीचे से तीन आरोपियों विजय कुमार साह (18), शब्बू हुसैन (18) और रोहित कुमार (18) को हथियार और लूट के सामान के साथ गिरफ्तार किया। तीनों दारौंदा थाना क्षेत्र के बालबंगरा और झझवा गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक फोल्डेबल चाकू, एक लूटा हुआ मोबाइल, दो अन्य मोबाइल और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान पर झझवा निवासी एक अन्य आरोपी कार्तिक कुमार (19) को भी गिरफ्तार किया गया। कार्तिक के पास से गोरेयाकोठी थाना कांड संख्या-26/25 में लूटा गया मोबाइल बरामद किया गया। शब्बू हुसैन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें दारौंदा थाना कांड संख्या-328/23 के तहत आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज है। सीवान पुलिस इस गिरफ्तारी को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रही है। मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ कर अन्य अपराधों का खुलासा होने की संभावना है।