Bihar बिहार सुपौल में एक दुखद सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक छोटे बच्चे की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में बहुत दुख है। सोमवार को जिले के भपतियाही थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-327A पर एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में छह साल के बच्चे की मौत हो गई।यह घटना सरायगढ़ मस्जिद चौक के पास हुई, जब एक चार पहिया गाड़ी ने घर के पास खेल रहे बच्चे को कुचल दिया। मृतक की पहचान मोहम्मद रेहान के रूप में हुई है, जो सरायगढ़ के वार्ड नंबर 13 के रहने वाले मोहम्मद दिलशाद का छह साल का बेटा था।
चश्मदीदों के मुताबिक, भपतियाही बाजार से सुपौल की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खेल रहे बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
मोहम्मद रेहान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें थीं। बेटे की असमय मौत से परिवार टूट गया है। घर में मातम पसरा है और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।घटना की जानकारी मिलते ही भपतियाही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। भपतियाही थाना प्रभारी प्रजेश कुमार दुबे ने बताया कि परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच कर रही है।