Bihar बिहार: पटना के फुलवारीशरीफ में बुधवार तड़के पुलिस और कुख्यात अपराधी रोशन कुमार के बीच मुठभेड़ हुई। रोशन पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो एक गोली रोशन के पैर में लगी। वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत एम्स में भर्ती कराया। यहां से उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि रोशन पर हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे मामले दर्ज हैं।
इतना ही नहीं, वह रामकृष्ण नगर इलाके के कृपाशंकर नामक युवक की हत्या के मामले में भी फरार था। रोशन शर्मा पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में उसने कई अहम खुलासे किए हैं। उसकी निशानदेही पर पटना पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोलियां बरामद की हैं और एक मिनी गन फैक्ट्री का भी भंडाफोड़ किया है। पुलिस पूछताछ में उसने अपने सहयोगी के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।