Bihar Crime: पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में बुधवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस वारदात की वजह डायन का आरोप और आपसी रंजिश बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।मृत महिला की पहचान 32 वर्षीय जूही देवी के रूप में हुई है।डायन के आरोप को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। आरोप है कि पड़ोसियों ने जूही देवी के घर पर हमला किया और पत्थरबाजी की। इसी दौरान लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला कर जूही देवी की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
इस खूनी संघर्ष के दौरान मृतका के घर के कई सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका के पिता हरेंद्र राम ने बताया कि छह माह के बच्चे की मौत के बाद उनके परिवार पर डायन होने का आरोप लगाया गया। इसी विवाद में आरोपियों ने उनकी बेटी पर लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि बीच-बचाव करने पर अन्य परिजनों को भी पीटा गया।
घटना की सूचना मिलने पर बिहटा पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्या का मामला है और घायलों का इलाज जारी है। घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।