मधुबनी: रेस्टोरेंट में लोग खाना खाने पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही देर में वहां का माहौल बदल गया. करीब 10 लोग अंदर घुसे और फिल्मी अंदाज में तोड़फोड़ शुरू कर दी. कुर्सियां-टेबल और रेस्टोरेंट का सामान इधर-उधर बिखर गया. हमलावरों ने चेहरे पर मास्क लगा रखे थे. पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई.
यह मामला बिहार के मधुबनी जिले का है. यहां सकरी थाना क्षेत्र में NH-27 के किनारे स्थित रेस्टोरेंट में 17 नवंबर को तोड़फोड़ की गई थी. अब इस घटना का CCTV फुटेज सामने आया है. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत 23 अक्टूबर से हुई थी. उस दिन कुछ लोगों ने रेस्टोरेंट के संचालक के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी. इस घटना को लेकर 25 अक्टूबर को सकरी थाने में केस दर्ज कराया गया था.
पुलिस का कहना है कि मारपीट के उस मामले को खत्म कराने के लिए आरोपियों की ओर से रेस्टोरेंट संचालक पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था. उसे धमकियां भी दी जा रही थीं. इसी बीच 17 नवंबर को कुछ लोग चेहरे पर मास्क लगाकर रेस्टोरेंट में घुसे और तोड़फोड़ कर दी. रेस्टोरेंट संचालक की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज किया.
घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया. उनके निर्देश पर सदर एसडीपीओ अमित कुमार और उनकी टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया. CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की गई.
पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. उनकी पहचान पंडौल थाना क्षेत्र के रहने वाले राहुल यादव और राजा यादव के रूप में हुई है. एसएसपी योगेंद्र कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि रेस्टोरेंट संचालक से रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
इस घटना को लेकर पीड़ित पक्ष का दावा है कि तोड़फोड़ के दौरान करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. CCTV फुटेज के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश जारी है.
Tags: