Bihar Crime: किशनगंज में अपराधियों ने एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना कोचाधामन थाना क्षेत्र के बड़ीजान पोठीमारी जागीर पंचायत के झांगीदिघी में घटी। मृतक की पहचान झांगीदिघी निवासी जसपाल दास उर्फ सेरी (35) के रूप में हुई है। वह मवेशी की खरीद-बिक्री का काम करता था। घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर कोचाधामन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि जसपाल दास उर्फ सेरी का शव उसके घर से करीब 500 मीटर दूर सड़क किनारे पड़ा था। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया है।
घटना के संबंध में एसडीपीओ गौतम कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह हत्या का मामला है। घटना के पीछे दो-तीन मामले सामने आ रहे हैं। एसडीपीओ गौतम कुमार ने बताया कि जसपाल दास उर्फ सेरी को किसी ने बुलाया था। इसके बाद उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद देर रात जब लोगों ने उसका शव देखा तो पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पूरे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया।
बीती रात ही तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंच गई। फिर डॉग स्क्वायड टीम को भी सूचना दी गई। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तकनीकी टीम और डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी है। एसडीपीओ गौतम कुमार ने बताया कि परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।