Bihar Crime: मामूली विवाद में अपराधियों ने घर में घुसकर युवक को मारी गोली

Update: 2025-04-14 01:49 GMT
Bihar Crime: नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के लालसे विगहा गांव में मामूली विवाद को लेकर बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया. घायल युवक की पहचान स्वर्गीय रामानंद प्रसाद के पुत्र 32 वर्षीय देवानंद हीरो के रूप में हुई है. घायल युवक के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने बताया कि रविवार की शाम देवानंद गांव के बाहर सड़क पर टहल रहा था तभी गांव के ही श्रवण प्रसाद जानवर लेकर आया और गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर वह हथियार से लैस होकर घर में घुस आया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. देवानंद के पैर में गोली लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा|
गोली लगते ही बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले. गोलियों की आवाज से पूरा गांव सहम गया. गोली लगने के बाद युवक को इलाज के लिए हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. बताया जा रहा है कि पहले दोनों के बीच पूर्व के विवाद को लेकर झड़प हुई जिसके बाद गोलीबारी की घटना हुई. बताया जा रहा है कि झड़प में दूसरे पक्ष के भी तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच तनाव कायम है।
थाना प्रभारी अभिजीत कुमार ने बताया कि आपसी मतभेद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई है। जिसमें एक युवक के पैर में गोली लगने की बात कही जा रही है। पुलिस हर  मामले की जांच कर रही है, आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News