Bihar Crime: गया जिले के इमामगंज अनुमंडल के सलैया थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सरदामा गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक 15 वर्षीय किशोर की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव निवासी मुखदेव यादव के पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और भय का माहौल है, वहीं पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
हत्या के बाद गांव में सनसनी, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही इमामगंज एसडीपीओ अमित कुमार, सलैया थाना प्रभारी श्रीनारायण यादव, कोठी थाना प्रभारी संजीत कुमार एसएसबी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया के मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ पाई है।
जल्द होगा खुलासा, पुलिस की छापेमारी जारी
इमामगंज एसडीपीओ अमित कुमार के अनुसार पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। जल्द ही इस घटना में शामिल सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।
इलाके में भय का माहौल, पुलिस की बढ़ी सक्रियता
इमामगंज इलाके में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल अपराधियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और इलाके में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।