Bihar : घर में घुसकर हवलदार की निर्मम हत्या, गांव में दहशत

Update: 2025-12-21 02:13 GMT
Bihar : भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवतपुर गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने झारखंड पुलिस में पदस्थापित एक हवलदार की उनके ही घर में घुसकर बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
मृतक की पहचान भगवतपुर गांव निवासी स्वर्गीय रामसुरेश तिवारी के 60 वर्षीय पुत्र पशुपति नाथ तिवारी के रूप में हुई है। वे झारखंड के हजारीबाग जिले में चालक हवलदार के पद पर कार्यरत थे और करीब एक सप्ताह पूर्व ही छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे। शनिवार की सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे, तो कमरे के अंदर उनका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की निर्ममता का अंदाजा लगाया जा सकता है। यह दृश्य देखकर परिजन सन्न रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही चांदी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही सदर एसडीओ-2 रंजीत कुमार सिंह, आरा सदर एसडीपीओ-2 रंजीत सिंह और चांदी थानाध्यक्ष राकेश रौशन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
Tags:    

Similar News