भैंस लेकर थाने पहुंचा मालिक, अपने ही बेटों-बहुओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग
अजीबोगरीब मामला.
पूर्वी चंपारण: बिहार के मोतिहारी जिले के कोटवा थाने में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया. यहां एक बुजुर्ग अपनी भैंस को लेकर थाने पहुंच गया. उसने अपने ही बेटों और बहुओं पर भैंस की बुरी तरह पिटाई करने और गले में रस्सी बांधकर जान लेने की कोशिश का आरोप लगाया. बुजुर्ग की शिकायत सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई.
मामला कोटवा थाना क्षेत्र के कझिया गांव का है. भैंस के मालिक रामाधार सहनी का आरोप है कि परिवार के कुछ लोगों ने उसकी भैंस को बुरी तरह पीटा. उसके गले में रस्सी बांधकर जान लेने की कोशिश भी की गई. रामाधार सहनी के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची थी और जांच के बाद लौट गई. लेकिन कार्रवाई को लेकर संतुष्ट नहीं होने पर वह अपनी भैंस को साथ लेकर कोटवा थाने पहुंच गया.
उसने पुलिस से भैंस के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. थाने में भैंस को लेकर पहुंचे बुजुर्ग को देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग भी हैरान रह गए. इस मामले के पीछे पारिवारिक जमीन विवाद बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, रामाधार सहनी के छह बेटे हैं. इनमें से चार बेटों और उनकी पत्नियों के साथ जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है.
रामाधार सहनी ने आरोप लगाया है कि विरोधी पक्ष के परिवार के सदस्यों ने ही उसकी भैंस के साथ मारपीट की. दूसरी तरफ, आरोपितों का कहना है कि उन्होंने भैंस को नहीं पीटा है. उनका आरोप है कि उन्हें जानबूझकर फंसाने की कोशिश की जा रही है.
शिकायत के बाद भैंस की पशु चिकित्सकीय जांच कराई गई. इस मामले में कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि यह पिता और बेटों के बीच का विवाद है. उनके मुताबिक, पिता ने अपनी जमीन एक बेटे के नाम रजिस्ट्री कर दी है.इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अब पुलिस जांच में यह साफ होगा कि भैंस के साथ मारपीट हुई थी या नहीं. फिलहाल जमीन विवाद के बीच भैंस भी इस पारिवारिक झगड़े का हिस्सा बन गई है.