Bihar बिहार: नालंदा जिले में बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना हिलसा थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर तालाब के पश्चिमी छोर पर हुई। मृतक की पहचान परवलपुर थाना क्षेत्र के मिल्कीपर तारा बिगहा निवासी स्वर्गीय सरयुग प्रसाद के पुत्र भूषण यादव (60) के रूप में हुई है। वे पिछले पांच वर्षों से हिलसा शहर के बस स्टैंड के पास रह रहे थे। घटना के संबंध में मृतक के पुत्र अजब लाल ने बताया कि उनके पिता घर से खाना खाकर हिलसा कोर्ट ताईद से मिलने जा रहे थे।
इसी बीच सूचना मिली कि पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। फिलहाल घटना के कारणों पर सस्पेंस बना हुआ है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या की गई है। पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने दो गोलियां चलाई हैं, जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। बुजुर्ग हिलसा शहर के बस स्टैंड के पास एक मकान में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। जो विवादित बताया जा रहा है।
घटना की सूचना पाकर हिलसा डीएसपी सुमित कुमार और हिलसा थाना प्रभारी राकेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, मौके पर निरीक्षण के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। हिलसा डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक का आपराधिक इतिहास भी पता चला है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है|