Bihar बिहार: पटना में बाइक सवार दो अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. गोली चलते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घटना फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के किसान कॉलोनी फेज वन में हुई. मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना होते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई|
मृतक के पास से एक लोडेड पिस्तौल भी बरामद हुई है. घटनास्थल से दो खोखे, एक जिंदा कारतूस, एक हेलमेट और एक बाइक बरामद हुई है, जो नालंदा के रोहित कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है. घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि मृतक के पास से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं- एक साधारण और एक आईफोन. साधारण फोन में सिर्फ तीन नंबर डायल किए गए हैं, जिससे पुलिस को शक है कि मरने से पहले उसने किसी से संपर्क किया होगा|
आईफोन को अभी तकनीकी रूप से खोला नहीं जा सका है, जिससे इस फोन से हत्याकांड की कई परतें खुल सकती हैं. मोबाइल में कोलकाता का सिम कार्ड था. एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की है। पहचान न होने पर पुलिस ने मृतक की फोटो विभिन्न जिलों में भेजी है, लेकिन अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और डिजिटल फोरेंसिक की मदद से पुलिस हत्या के पीछे की साजिश और उसमें शामिल चेहरों को उजागर करने में जुटी है।