Bihar बिहार: बिहार पुलिस ने एक सनसनीखेज अपहरण और हत्या के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 05 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मामला नवादा के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र का है, जहाँ 20 अगस्त 2025 को 14 वर्षीय सूरज कुमार का अपहरण कर उसके मोबाइल से फिरौती की मांग की गई थी।
तकनीकी ट्रैकिंग और गहन पूछताछ के आधार पर जाँच शुरू हुई। जाँच में पता चला कि अपराधियों ने 19 अगस्त को ही सूरज कुमार की हत्या कर दी थी और शव को सोन नदी के किनारे दफना दिया था। इसके बावजूद परिवार को गुमराह करने के लिए लगातार फिरौती की माँग की जा रही थी।
हरियाणा पुलिस और यूपी एसटीएफ की मदद से बिहार पुलिस ने इस मामले में शामिल 05 अपराधियों को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान मृतक का मोबाइल और आरोपियों के मोबाइल भी बरामद किए गए। जांच में यह भी पता चला कि अपहृत सूरज कुमार के खिलाफ साइबर ठगी से जुड़े आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। बिहार पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल अपहरण और हत्या के मामले का राज खुला बल्कि अपराधी भी पकड़े गए। पुलिस अब इस पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।