पोस्टर में तस्वीर नहीं होने के आरोपों पर सम्राट चौधरी बोले- 'नीतीश सेतु पूरा नीतीशमय हो गया है'
वैशाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया। इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास के एजेंडे को सामने रखते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पुल के उद्घाटन कार्यक्रम के पोस्टर और बैनर में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं होने को लेकर उठे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है और नीतीश कुमार के नाम पर समर्पित है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता ने भारी बहुमत देकर एनडीए को 202 सीटों पर जीत दिलाई। इसके लिए उन्होंने राज्य की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार का एक साल पूरा हो गया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बिहार विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के आगमन पर करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है। इससे बिहार की समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत का सपना देखा है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार की परिकल्पना की थी। वर्ष 2037 में बिहार के 125 वर्ष पूरे होने तक इस संकल्प को धरातल पर उतारना सरकार का लक्ष्य है। देश तभी विकसित होगा, जब बिहार समृद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने रोजगार और औद्योगिक विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बिहार में उद्योगों का जाल बिछाया जा रहा है। जंदाहा, राजापाकर और महुआ क्षेत्र में करीब 1200 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है। यहां आधुनिक फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जाएंगी, जिससे करीब एक लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत उच्च शिक्षा के लिए सहायता दी गई है। जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के 700 स्थानों पर उत्कृष्ट मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जहां करीब चार लाख बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सहयोग कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि 19 मई से शुरू इस कार्यक्रम में अब तक 10 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन के लिए जवाबदेही तय की गई है और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है।
केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि रेलवे क्षेत्र में बिहार को अब एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है, जबकि यूपीए सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में करीब 1100 करोड़ रुपये मिले थे। इसी तरह सड़क निर्माण के क्षेत्र में करीब 45 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार के प्रति अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। सम्राट चौधरी ने कहा कि कांग्रेस और राजद चाहे जितनी बयानबाजी कर लें, बिहार की जनता प्रधानमंत्री के साथ मजबूती से खड़ी है।