Summer Food: पेट खराब होने के बाद भूख तो लगती है, लेकिन डॉक्टर कुछ ज्यादा हैवी खाने से मना करते हैं। ऐसे में यहां हम आपको सिंपल से एक व्यंजन के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके सेवन से आपका पेट भी दुरुस्त रहेगा और स्वाद भी मिलता रहेगा। दरअसल, हम बात कर रहे हैं सिंपल खिचड़ी की, जिसको बनाना काफी आसान है। खिचड़ी बनाने का सबसे आसान तरीका हम आपको यहां बताने जा रहे हैं।
मूंग दाल की खिचड़ी बनाने का सामान:
चावल – 1/2 कप
मूंग दाल – 1/2 कप
हल्दी – 1/4 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
हींग – एक चुटकी
घी – 1 छोटा चम्मच
जीरा – 1/4 छोटा चम्मच
धनिया पत्ती
खिचड़ी बनाने की विधि:
मौसम गर्मी का है तो यदि पेट खराब न भी हो, तो भी बीच-बीच में खिचड़ी का सेवन कर लेना चाहिए। इससे पेट को काफी राहत मिलती है। इसे बनाने के लिए आपको सबसे पहले चावल और दाल को अच्छे से धोकर 15-20 मिनट के लिए भिगोना है। चाहें तो इसे एक साथ ही भिगो दें।
दोनों चीजों को 20 मिनट भिगोकर रखने के बाद एक कुकर में थोड़ा घी डालें और उसे गर्म होने दें। जब घी गर्म हो जाए तो उसमें हल्दी, जीरा और थोड़ी सी हींग डालें।
इसके बाद कुकर में भिगी हुई दाल और चावल डालकर हल्का भून लें। इसी दौरान इसमें नमक डालकर मिक्स करें और फिर जरूरत के अनुसार पानी डालें।
पानी डालने के बाद ढक्कन लगाकर 2-3 सीटी आने तक पकाएं। तीन सीटी आने पर गैस बंद कर दें। अब जब कुकर ठंडा हो जाए तो से खोलकर खिचड़ी को थोड़ा मिक्स करें।
अब इसमें कटी हुई धनिया पत्ती डालें और गरम ही परोसें। इसके साथ आप दही का रायता या सिफ नमक डालकर दही भी खा सकते हैं। इन दोनों चीजों के सेवन से आपके पेट को राहत मिलेगी।