Summer Drinks: डिहाइड्रेशन से बचने के लिए अधिक मात्रा में पानी पीना चाहिए, फल और सब्जियां खाना चाहिए, अल्कोहल और कैफीन से बचना चाहिए। हालांकि गर्मियों में बहुत अधिक पानी पीते रहने के कारण पानी का स्वाद अच्छा नहीं लगता। स्वादहीन पानी को पीने में कई लोग, खासकर बच्चे आनाकानी करते हैं। पानी से तैयार होने वाली कुछ रेसिपी को अपनाकर पानी का स्वाद बढ़ा सकते हैं, साथ ही शरीर को हाइड्रेट भी रख सकते हैं। यहां जानिए आसानी से तैयार होने वाली गर्मियों की ड्रिंक्स और उनकी रेसिपी के बारे में।
पुदीने की ड्रिंक
अदरक, पुदीना और नींबू से स्वादिष्ट और सेहतमंद ड्रिंक तैयार कर सकते हैं। धूप में बाहर से आने पर या गर्मियों में पाचन की समस्या से राहत पाने के लिए यह ड्रिंक बहुत फायदेमंद होती है।
सामग्री और विधि
इसे बनाने के लिए एक नींबू का रस, अदरक का छोटा टुकड़ा और मुट्ठी भर पुदीने की पत्तियां चाहिए। दो लीटर पानी और आवश्यकतानुसार बर्फ के टुकड़े ले सकते हैं। अदरक को छीलकर धो लें, साथ में पुदीने की पत्तियों और नींबू को भी धो लें। कटे हुए नींबू, अदरक और पुदीने की पत्तियों को एक बड़े घड़े में रखें। इस घड़े में पानी और बर्फ के टुकड़ों को भरकर सारी चीजों को अच्छे से मिलाएं और दो घंटे के लिए घड़ा ढककर रख दें। इस ड्रिंक को बोतल में रख सकते हैं या जब मन हो घड़े से निकालकर पी सकते हैं।
सेब और दालचीनी का ड्रिंक
शरीर की थकान दूर करने, ब्लड शुगर के स्तर को बैलेंस रखने के लिए यह ड्रिंक फायदेमंद है और स्वादिष्ट भी लगता है। इसे बनाने के लिए दो सेब, दो दालचीनी की स्टिक, दो लीटर पानी और आवश्यकतानुसार बर्फ के टुकड़े चाहिए।
सामग्री और विधि
सेब को धोकर बीच और कोर निकालकर पतला-पतला काट लें। अब सेब के टुकड़े और दालचीनी की स्टिक्स को एक कांच के बर्तन में रखें। इसमें पानी और बर्फ मिलाएं। पुदीना और नींबू भी मिला सकते हैं। सामग्री को दो-तीन घंटे के लिए रख दें। पानी में सेब और दालचीनी का स्वाद अच्छी तरह के घुल जाने के बाद इस ड्रिंक को पूरा दिन पी सकते हैं।
Tags: