Suji Spring Roll Recipe: शाम की चाय सूजी से बनाएं सुपर क्रिस्पी स्प्रिंग रोल
Semolina Spring Roll Recipe: ये रोल न सिर्फ़ स्वाद में लाजवाब होते हैं, बल्कि इन्हें बनाना भी बेहद आसान है। खास बात यह है कि इसमें मैदे की जगह सूजी का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसे और भी हेल्दी बनाता है। सूजी स्प्रिंग रोल बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आते हैं। आप चाहें तो इन्हें टिफिन में देकर स्कूल भी भेज सकते हैं। तो आइए जानते हैं सूजी स्प्रिंग रोल बनाने की आसान रेसिपी।
सूजी स्प्रिंग रोल के लिए आवश्यक सामग्री:
सूजी – 1 कप
दही – आधा कप
पानी – आधा कप या आवश्यकता अनुसार
नमक – स्वादानुसार
तेल – 1 चम्मच बैटर में डालने के लिए
कद्दूकस की हुई गाजर – 1
बारीक कटी हुई पत्ता गोभी – 1 कप
शिमला मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
प्याज – 1 बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 चम्मच
सोया सॉस – 1 चम्मच
लाल मिर्च सॉस – 1 चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल – 1 बड़ा चम्मच स्टफिंग के लिए
सूजी स्प्रिंग रोल बनाने की विधि:
सबसे पहले एक पैन में 1 बड़ा चम्मच तेल गरम करें. अब उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और हल्का भूनें. इसके बाद प्याज डालकर उसे सुनहरा होने तक भूनें और फिर गाजर, पत्ता गोभी, शिमला मिर्च और हरी मिर्च डालें.
सब्जियों को तेज आंच पर 3 से 4 मिनट तक भूनें ताकि वे थोड़ी क्रंची रहें. अब इसमें सोया सॉस, लाल मिर्च सॉस और नमक डालें. सब कुछ अच्छी तरह मिलाकर स्टफिंग को ठंडा होने दें.
अब एक बाउल में सूजी, दही और पानी डालकर गाढ़ा बैटर तैयार करें. इसमें नमक और थोड़ा सा तेल डालकर अच्छे से फेंटें. फिर बैटर को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी फूल जाए.
अब नॉन-स्टिक तवा गरम करें और उस पर थोड़ा सा तेल लगाएं. फिर सूजी के बैटर को तवे पर डालकर पतली पैनकेक जैसी परत बना लें. जब यह हल्का पक जाए, तो बीच में तैयार स्टफिंग रखें और दोनों साइड से फोल्ड करके रोल की शेप दें.
रोल को चारों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें. अंत में तैयार रोल को मनचाहे आकार में काट लें.
इन सूजी स्प्रिंग रोल्स को टमैटो सॉस या ग्रीन चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें