Palak Suji Bites: मिनटों में बनाएं टेस्टी और हेल्दी पालक सूजी बाइट्स

Update: 2026-01-19 03:30 GMT
Palak Suji Bites: इस डिश की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ बनाने में भी बेहद आसान है. इसमें इस्तेमाल किया जाने वाला पालक आयरन, फाइबर और विटामिन्स से भरपूर होता है, जबकि सूजी आसानी से डाइजेस्ट होती है और लंबे समय तक एनर्जी देती है. जब ये दोनों चीजें एक साथ मिलती हैं, तो एक ऐसा स्नैक तैयार होता है जो बिना डीप फ्राई किए ही क्रिस्पी और टेस्टी एक्सपीरियंस देता है. इस डिश को आप बच्चों के टिफिन में, शाम की चाय के साथ या फिर मेहमानों को इंप्रेस करने के लिए भी आसानी से बना सकते हैं|
पालक सूजी बाइट्स बनाने के लिए जरूरी सामग्री:
सूजी – 1 कप
बारीक कटी पालक – 1 कप
दही – आधा कप
अदरक-हरी मिर्च पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
बारीक कटा प्याज – 1 छोटा
नमक – स्वादानुसार
जीरा – आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
गरम मसाला – एक चौथाई छोटा चम्मच
इनो या फ्रूट सॉल्ट – 1 छोटा चम्मच
तेल – फ्राई करने के लिए
पालक सूजी बाइट्स बनाने की रेसिपी:
पालक सूजी बाइट्स बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें. अगर जरूरत हो तो थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें. अब इसमें बारीक कटी पालक, प्याज, अदरक-हरी मिर्च पेस्ट, नमक और सारे मसाले डालकर अच्छे से मिक्स करें. अब इस मिश्रण को 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए.
इसके बाद इसमें इनो डालें और हल्के हाथ से मिलाएं और फिर गैस पर अप्पे पैन या नॉन-स्टिक पैन गरम करें और हल्का सा तेल लगाएं. तैयार मिश्रण को छोटे-छोटे बाइट्स के रूप में पैन में डालें और धीमी आंच पर पलट-पलट कर गोल्डन और क्रिस्पी होने तक सेकें|
पालक सूजी बाइट्स को परोसने का तरीका:
गर्मागर्म पालक सूजी बाइट्स को हरी चटनी, टोमैटो सॉस या दही डिप के साथ परोसें. आप अगर चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला भी छिड़क सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी ज्यादा बढ़ जाएगा|
Tags:    

Similar News