Recipe: बरसात में बनाएं मूंग दाल समोसा

Update: 2025-07-13 05:46 GMT
Recipe: बारिश का मौसम और गरमागरम चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन न करे ऐसा हो ही नहीं सकता। ऐसे समय में अगर कुछ चटपटा और थोड़ा हटकर स्नैक मिल जाए, तो बात ही कुछ और होती है। तो इस बार प्याज पकोड़े की जगह बनाइए खास मूंग दाल समोसा, जो खाने में बहुत स्वादिष्ट होता है और हर उम्र के लोगों को पसंद आता है। यह समोसा बाहर से क्रिस्पी और अंदर से मसालेदार मूंग दाल की स्टफिंग वाला होता है। इसे बनाना मुश्किल नहीं, बस थोड़ी तैयारी की ज़रूरत होती है। आइए जानते हैं इसकी स्टेप बाय स्टेप रेसिपी।
मूंग दाल समोसा बनाने के लिए सामग्री:
मैदा – 2 कप
नमक
अजवाइन – 1 छोटा चम्मच
तेल
पानी
मूंग दाल – 1 कप
जीरा – 1 छोटा चम्मच
हींग – एक चुटकी
अदरक – 1 चम्मच
बारीक कटी हुई हरी मिर्च – 1 बारीक
सौंफ – 1 चम्मच
धनिया पाउडर – 1 चम्मच
अमचूर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
गरम मसाला – 1 छोटा चम्मच
बारिश के मौसम में मूंग दाल समोसा बनाने की विधि:
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में 2 कप मैदा छानकर डालें। फिर उसमें स्वादानुसार नमक डालें और आधा चम्मच अजवाइन मिलाएं।
अब इसमें 2 से 3 चम्मच तेल डालें ताकि समोसे कुरकुरे बनें। फिर इन सारी चीज़ों को अच्छे से हाथों से मिक्स कर लें, जब तक कि मैदा में तेल अच्छे से मिल न जाए।
अब थोड़ा-थोड़ा करके पानी डालते हुए आटा गूंथना शुरू करें।
जब आटा अच्छे से गूंथ जाए, तो उसे एक साफ कपड़े से ढककर 20–25 मिनट के लिए रख दें ताकि वो अच्छे से सेट हो जाए।
अब मूंग दाल की स्टफिंग तैयार करें। इसके लिए आधा कप मूंग दाल को पहले से 2-3 घंटे के लिए भिगोकर रखें। जब दाल अच्छे से फूल जाए, तो उसका पानी निकाल दें और मिक्सर में डालकर दरदरी पीस लें।
अब एक पैन लें और उसमें 2–3 चम्मच तेल गरम करें। तेल गरम होते ही उसमें आधा चम्मच जीरा डालें। जैसे ही जीरा चटकने लगे, उसमें चुटकीभर हींग और आधा चम्मच सौंफ डालें। इसके बाद बारीक कटी हुई अदरक और हरी मिर्च डालें और एक-दो मिनट तक भूनें।
अब इसमें पीसी हुई मूंग दाल डाल दें और धीमी आंच पर पकाना शुरू करें। जब दाल थोड़ा सूखने लगे और उसमें से अच्छी महक आने लगे, तब इसमें सभी तरह के मसाले डालें। स्वाद के अनुसार नमक डालना न भूलें। अब इन सभी मसालों को दाल में अच्छे से मिक्स कर लें।
दूसरी ओर अब गूंथे हुए आटे से छोटी-छोटी लोइयां बना लें। हर लोई को बेलन से बेलें और उस बेले हुए हिस्से को बीच से दो बराबर भागों में काट लें। एक भाग को उठाकर कोन का आकार दें।
अब इस कोन के अंदर तैयार मूंग दाल की स्टफिंग भरें। स्टफिंग भरने के बाद ऊपर का हिस्सा पानी लगाकर अच्छे से बंद कर दें ताकि समोसा पूरी तरह सील हो जाए।
अब पैन में तेल गरम करें। जब तेल मीडियम गरम हो जाए, तो उसमें धीरे-धीरे समोसे डालें। समोसे को धीमी से मीडियम आंच पर तलें ताकि वे अंदर तक अच्छे से पकें।
जब समोसे अच्छे से सुनहरे हो जाएं, तो उन्हें बाहर निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए।
अब गरमागरम मूंग दाल समोसे तैयार हैं। इन्हें चाय के साथ या इमली की चटनी और धनिया-पुदीना की हरी चटनी के साथ परोसें।
Tags:    

Similar News