जानिए सावन सोमवार के व्रत में क्या खाना चाहिए

सावन के पावन महीने की शुरुआत 14 जुलाई से हो गई है। वहीं 18 जुलाई को सावन का पहला सोमवार है।

Update: 2022-07-18 09:57 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। सावन के पावन महीने की शुरुआत 14 जुलाई से हो गई है। वहीं 18 जुलाई को सावन का पहला सोमवार है। सावन का महीना भगवान भोलेनाथ का प्रिय समय होता है। इस महीने में पड़ने वाले सोमवार के दिन शिवजी की खास पूजा अर्चना की जाती है। भक्त सावन के सोमवार का व्रत रखते हैं। शिव भक्तों के लिए सावन में पड़ने वाले सोमवार का बहुत महत्व होता है। कन्याएं मनचाहा वर पाने के लिए सावन सोमवार का उपवास करती हैं, तो वहीं सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु के लिए सोमवार का व्रत रखती हैं। मान्यता है कि इस दिन उपवास करने और भोलेनाथ के दर्शन व पूजा अर्चना करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं जल्द पूरी होती है। ऐसे में अगर आप भी सावन के सोमवार का उपवास करने जा रहे हैं तो ये जान लीजिए कि सावन सोमवार के व्रत में क्या खाना चाहिए।

नारियल पानी या तरल पदार्थ
गर्मी का मौसम है। इस मौसम में अगर उपवास हैं तो खुद को हाइड्रेट रखने के लिए तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। सावन सोमवार के व्रत में दिन की शुरुआत शिकंजी, नींबू पानी या नारियल पानी पीकर कर सकते हैं। ध्यान रखें कि आपके पेय जल में नमक न हो। क्योंकि व्रत में साधारण नमक का सेवन नहीं किया जाता है। साथ ही कुछ लोग व्रत में खट्टी चीजों जैसे नींबू का सेवन नहीं करते हैं। अपनी मान्यताओं के मुताबिक ही नींबू का सेवन करें। पूरा दिन व्रत के दौरान बॉडी को हाइड्रेट रखने के लिए पानी पीते रहें। घर पर तैयार किया जूस भी पी सकते हैं।
सात्विक भोजन
सावन सोमवार के व्रत में सात्विक भोजन करना चाहिए। इसमें आप सेंधा नमक से तैयार भोजन कर सकते हैं। हालांकि कई लोग सोमवार के व्रत में सेंधा नमक का सेवन भी नहीं करते हैं। ऐसे में उबले आलू, दही के साथ या कुछ मीठा जैसे लौकी या आलू का हलवा खा सकते हैं। उबले आलू खाने के जल्दी भूख नहीं लगती और पूरा दिन ऊर्जा बनी रहती है।
फलों का सेवन
शरीर के लिए भोजन जरूरी है। हालांकि उपवास में कई चीजों का सेवन वर्जित है। इसलिए सोमवार उपवास में फलों का सेवन कर सकते हैं। दोपहर में या शाम के नाश्ते में भूख लगने पर सेब, केले, अनार, तरबूज, खीरा या आम जैसे फलों का सेवन कर सकते हैं। ये फल शरीर में पानी की कमी को पूरा करते हैं। ड्राई फ्रूट्स भी खा सकते हैं। हालांकि व्रत में खट्टी चीजों का सेवन वर्जित माना जाता है।
पनीर, दही का सेवन
व्रत में थोड़े थोड़े अंतराल में कुछ चीजों का सेवन करते रहना चाहिए। फलों के अलावा अगर आपको भूख महसूस हो तो भुने मखाने, मूंगफली, दही, पनीर आदि का सेवन कर सकते हैं। इसका सेवन आपको हाइड्रेट रखता है और कमजोरी आने से बचाता है।
Tags:    

Similar News

-->