फायदेमंद है सुबह उठते ही गुनगुना पानी पीना, कम होता है मोटापा, नहीं रहता सिरदर्द

Update: 2023-05-20 07:02 GMT

आम तौर पर सुबह उठते ही लोग चाय पीना पसन्द करते हैं। चाय पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक या लाभकारक यह तो बहस का विषय है, लेकिन यदि सुबह की शुरूआत गुनगुने पानी को पीकर की जाए तो यह आपकी दिनचर्या और स्वास्थ्य को लाभकारी बनाता है। यूं तो 12 महीने आप गुनगुने पानी को पी सकते हैं, लेकिन सर्दियों मेंं गुनगुने पानी का सेवन शरीर के लिए ज्यादा लाभकारी होता है। गर्म पानी का सेवन करने से शरीर के सभी हानिकारक तत्व (टॉक्सिंस) आसानी से बाहर निकलते हैं और मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है। पानी पीने का तरीका और सही समय कई तरह की बीमारियों को भी दूर रखता है। आज हम अपने खास खबर डॉट कॉम के पाठकों को यह बताने जा रहे हैं कि गुनगुने पानी का सेवन कैसे आपके शरीर को प्रभावित करते हुए सेहतमंद बनाता है। आइए डालते हैं एक नजर—

गैस और कब्ज की समस्या से मिलता है छुटकारा

सुबह उठते ही गुनगुना पानी पीने से कब्ज की समस्या दूर होती है और गैस बनना भी बंद हो जाती है। दरअसल रात को सोते वक्त हमारे मुंह में जो लार बनती है वो कई तरह के रोगों से बचाती है, क्योंकि उसमें ऑक्सलाइड तत्व होते हैं। ये ही वजह है कि आयुर्वेद में भी सुबह उठते ही गुनगुने पानी पीने को सेहत के लिए फायदेमंद बताया गया है।

भूख बढ़ती है

स्वास्थ्य विशेषज्ञ के मुताबिक, खाली पेट गर्म पानी पीने से भूख भी बढ़ती है। इससे सुबह का नाश्ता करने में आपको परेशानी नहीं होती और भरपूर नाश्ता करने के कारण शरीर में दिनभर ऊर्जा बनी रहती है। थकान भी नहीं लगती।

सिर दर्द से राहत

अगर आपको सिर दर्द की समस्या है तो रोजाना सुबह खाली पेट गुनगुना पानी पीने की आदत डालें। दरअसल, शरीर में पर्याप्त मात्रा में पानी न होने से सिर दर्द होता है। इसलिए भरपूर मात्रा में पानी पिएं और रोज सुबह एक गिलास पानी के साथ दिन की शुरुआत करें।

रक्त संचार में सुधार

गर्म पानी के निरंतर सेवन से आपके रक्त संचार में सुधार होता है। गुनगुना पानी हमारे शरीर में जमने वाले फैट को निकाल देता है, जिससे आप तनाव मुक्त महसूस करती हैं। इससे कार्डियो वैस्कुलर बीमारियों के जोखिम को भी कम किया जा सकता है।

मोटापे की समस्या के लिए रामबाण

अगर आप मोटापे से परेशान हैं, तो सुबह उठते ही खाली पेट गुनगुना पानी पीजिये। यह आपके लिए रामबाण साबित होगा। दरअसल, रोज सुबह उठते ही गुनगुना पानी पीने से आपका वजन कम होता है। आप गुनगुने पानी में नींबू मिला लें और प्रतिदिन सुबह उठते ही पिएं और फिर देखिए कैसे वजन कम होता है।

Tags:    

Similar News

-->