Health: इन लक्षणों को बिल्कुल भी न करें नजरअंदाज, हो सकते हैं कैंसर के संकेत
Health: कैंसर दुनिया भर में मौत के प्रमुख कारणों में से एक है। इससे हर साल लाखों लोगों की मौत होती है। ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में हुई प्रगति और इलाज के लिए उपलब्ध बेहतर चिकित्सा उपकरणों ने कैंसर के इलाज को अपेक्षाकृत आसान बना दिया है, हालांकि अधिकांश रोगियों को अभी भी समय पर निदान और उपचार नहीं मिल पाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कैंसर के मामले में अगर समय रहते इसके लक्षण पता चल जाएं और स्थिति का समय पर निदान हो जाए तो न केवल इलाज आसान हो जाता है, बल्कि बचने की संभावना भी बढ़ जाती है।
कैंसर विशेषज्ञों का कहना है कि उम्र बढ़ने के साथ कैंसर का खतरा बढ़ता जाता है। 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को जोखिम कारकों को समझकर विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। शरीर में कोई भी असामान्य बदलाव नजर आने पर तुरंत जांच करानी चाहिए।
कैंसर के इन जोखिम कारकों के बारे में जानिए
डॉक्टर कहते हैं, कैंसर के लिए कई प्रमुख जोखिम कारक हैं। धूम्रपान, अधिक वजन होना या मोटापा होना, बहुत अधिक शराब पीना या धूम्रपान तथा कैंसर की फैमिली हिस्ट्री आपमें भी इसके खतरे को बढ़ा देती है। इन जोखिमों पर गंभीरता से ध्यान देने के साथ निरंतर बचाव के तरीकों को अपनाते रहना जरूरी है।
आइए कैंसर के कुछ सामान्य लक्षणों के बारे में जानते हैं, अक्सर जिन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है।
अल्सर बने रहना
अल्सर, शरीर के कई हिस्सों में हो सकता है। इसमें प्रभावित हिस्से में छोटे घाव हो सकते हैं। त्वचा पर या मुंह के अंदर इस प्रकार के घावों का बने रहना मुंह के कैंसर की तरफ संकेत माना जाता है। अगर आपको काफी समय से अल्सर की दिक्कत बनी हुई है या फिर बार-बार अल्सर हो जाता है तो इस बारे में किसी विशेषज्ञ से सलाह जरूर ले लें। कुछ अल्सर कैंसर कारक भी हो सकते हैं।
असामान्य रक्तस्राव की समस्या
चोट लगने या कटने पर रक्तस्राव होना सामान्य है पर अगर आपको अक्सर असामान्य रूप से ब्लीडिंग होती रहती है तो इस संकेत पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। पेशाब, मल या खांसी में खून आना कैंसर का संकेत हो सकता है। यदि आप भी इस प्रकार के स्राव को देखते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। खांसी के साथ खून आना फेफड़े, और मल के साथ खून आना कोलन कैंसर का संकेत माना जाता है।
असामान्य गांठ या सूजन
शरीर में कोई असामान्य गांठ या सूजन जो एक सप्ताह से अधिक समय से बनी हुई है, इस बारे में किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर ले लेनी चाहिए। गर्दन में सूजन गर्दन के कैंसर या मुंह के कैंसर का संकेत हो सकती है, जबकि स्तन में सूजन स्तन कैंसर का संकेत मानी जाती है। शरीर के किसी भी हिस्से में यदि आपको इस प्रकार की समस्या का अनुभव हो रहा हो तो इस बारे में समय रहते किसी डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।