Haryana: ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, एक की मौत, तीन घायल
Haryana हरियाणा: थाना तहसील कैंप क्षेत्र में जीटी रोड एलिवेटेड हाईवे पर रविवार सुबह करीब 4 बजे एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक युवक नवीन की मौत हो गई। कांवड़िए सागर समेत तीन युवक घायल हो गए। मृतक युवक हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे अपने दोस्त सागर की मदद के लिए हांसी हिसार से पानीपत पहुंचा था। लौटते समय वह गलती से रोहतक हाईवे की बजाय जीटी रोड पर पहुंच गया। जब वह यू-टर्न लेकर वापस जाने लगा तो चालक को झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में कार चला रहा नवीन और उसके बगल में बैठा सागर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को टीजी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कुछ देर बाद नवीन की मौत हो गई। वहीं, सागर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया। बाकी दोस्तों को मामूली चोटें आने के कारण अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए और कार को अपने कब्जे में ले लिया।